मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-81 से AIMIM पार्षद हाजी अफजाल पर एक महिला ने अपनी 22 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ससुराल से तलाक दिलवाने और फिर उसे देह व्यापार में धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की मां मुसर्रत ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुसर्रत ने बताया कि उनकी बेटी का निकाह 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी अमन के साथ हुआ था। हाजी अफजाल उनके परिवार में आना-जाना रखता था और महिला उसे अपना मुंहबोला भाई मानती थी। निकाह के कुछ दिनों बाद ही अफजाल ने बेटी को बहकाकर ससुराल से तलाक करवा लिया और उसे अपने साथ ले गया। महिला का आरोप है कि अफजाल बेटी को बंधक बनाकर रखे हुए है और उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया है।
पीड़िता के कुछ वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनमें वह बेड पर 500 रुपये के नोटों की गड्डियों के साथ लेटी हुई दिख रही है। मां का दावा है कि यह वीडियो राजस्थान का है, जहां आरोपी अपनी बेटी को लेकर गया था। इसके अलावा अफजाल ने बेटी के बैंक खाते में मोटी रकम ट्रांसफर की है और अक्सर उसे राजस्थान भी ले जाता था। परिवार के विरोध करने पर आरोपी ने झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
मुसर्रत ने पहले भी ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत की थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बार एसएसपी कार्यालय के निर्देश पर पुलिस ने AIMIM पार्षद हाजी अफजाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































