Raipur Central Jail रायपुर: राजधानी के सेंट्रल जेल में एक महिला कैदी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। महिला प्रकोष्ठ में बंद आशिमा राव ने अपनी कलाई काटने की कोशिश की। घटना 3-4 दिन पहले हुई, जिसमें उसके हाथ पर 8 टांके लगाए गए।

परिजनों ने जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आशिमा को चेकिंग के नाम पर प्रताड़ना और अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने एक चिट्ठी लिखकर भी इसकी शिकायत की थी। परिजनों का आरोप है कि लगातार अभद्र व्यवहार के चलते वह मानसिक रूप से टूट गई और आत्मघाती कदम उठाया।

जेल प्रशासन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि आशिमा पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है। कुछ दिन पहले उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी, जिस पर जेल नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।

आशिमा राव पिछले छह महीने से मारपीट के एक मामले में जेल में बंद है। इस घटना के बाद जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।




































