RAIPUR NEWS. राजधानी में गणेश विसर्जन के अवसर पर निकलने वाली झांकियों को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार 27 सितंबर की रात शहर में गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। खास बात यह है कि इस वर्ष झांकियों के बीच किसी तरह की प्रतियोगिता नहीं होगी। नगर निगम सभी गणेशोत्सव समितियों को प्रोत्साहन के तौर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करेगा। अब तक झांकी प्रतियोगिता में नगर निगम की ओर से गठित निर्णायक समिति झांकियों के निर्माण, प्रस्तुति, विषय-वस्तु और सजावट समेत अलग-अलग पहलुओं के आधार पर मूल्यांकन करती थी। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाता था।

इस बार प्रतियोगिता के बजाय सभी झांकियों को सम्मान देने का फैसला किया गया है। विसर्जन झांकी के स्वागत के लिए नगर निगम के संस्कृति विभाग की ओर से जयस्तंभ चौक के पास विशेष पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां से गुजरने वाली झांकियों पर नगर निगम की ओर से पुष्पवर्षा की जाएगी। निगम की ओर से झांकी समितियों के स्वागत और सम्मान की भी व्यवस्था की जा रही है।

महापौर मीनल चौबे और एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी ने मंगलवार को जयस्तंभ चौक पहुंचकर स्वागत पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जोन-4 के अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

विसर्जन झांकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समितियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए नगर निगम की ओर से आयोजन स्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






































