JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के जामुन जोबला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक युवक ने अपनी ही रिश्ते की बुआ की टांगी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने इस जघन्य वारदात को तंत्र-मंत्र के शक में अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जामुन जोबला निवासी पंकज पहाड़ी अपनी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी (40 वर्ष) के साथ पड़ोस के घर हड़िया पीने गए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी मृतका रास्ते में पेशाब करने के लिए रुकी थी। इस दौरान उसका रिश्ते का भतीजा मुकेश पहाड़ी (22 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर पहुंचा और अचानक फूफू सुखाड़ी पहाड़ी के गले पर टांगी से वार कर दिया। बीच-बचाव करने गए फूफा पंकज पहाड़ी पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे उनके पैर में चोट आई।


घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पंकज पहाड़ी जब वापस अपनी पत्नी के पास पहुंचे, तो देखा कि उसके गले से खून बह रहा था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। घटना के बाद बगीचा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गले पर टांगी से किए गए वार से अधिक रक्तस्राव होना बताया गया।

पुलिस ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी मुकेश पहाड़ी को उसी गांव के एक घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब थी और उसे शक था कि उसकी फूफू सुखाड़ी पहाड़ी ने तंत्र-मंत्र कर दिया है। इसी शक में उसने हत्या की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
