PATNA NEWS. बिहार में अगले महीने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसके साथ ही महागठबंधन और एनडीए में मुख्यमंत्री पद को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस बीच, महागठबंधन ने अपना सीएम चेहरे का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महागठबंधन का सीएम चेहरा RJD प्रमुख तेजस्वी यादव होंगे। इसके साथ दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला भी तय हो गया है।
मीडिया से चर्चा के दौरान गहलोत ने कहा कि हमारे नेता तेजस्वी यादव हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। उप मुख्यमंत्री और भी लोग बनाए जाएंगे, जो पिछड़े समुदाय से होंगे। अब NDA बताए कि उनका CM फेस कौन होगा। सिर्फ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, कहने से नहीं चलेगा। महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस 50 मिनट चली। इसमें आरजेडी, कांग्रेस, VIP समेत 7 दलों के 14 नेता शामिल हुए। इसमें सभी दलों के नेताओं को बोलने मौका दिया गया। सभी ने अपनी स्पीच में महागठबंधन में एकजुटता की बात कही।
ऐलान के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझ पर फिर से भरोसा जताया है। सभी का दिल से धन्यवाद है। सबसे कहना चाहता हूं कि जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़कर फेंकेंगे। महागठबंधन 28 अक्टूबर को घोषणापत्र जारी करेगा। इसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में एक साथ रैली करेंगे। महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस 50 मिनट चली। इसमें आरजेडी, कांग्रेस, VIP समेत 7 दलों के 14 नेता शामिल हुए।
इस दौरान आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव,अब्दुल बारी सिद्दीकी, मनोज झा और संजय यादव मौजूद थे। वहीं कांग्रेस से अशोक गहलोत,राजेश राम,कृष्णा अल्लावरू, पवन खेड़ा और अभय दुबे थे। सीपीआई (माले) से दीपंकर भट्टाचार्य,वीआईपी पार्टी से मुकेश साहनी, सीपीआई (एम) से ललन चौधरी, सीपीआई से रामनरेश पांडे और ऑल इंडिया पान महासभा नेशनल से आईपी गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने औरंगाबाद की जनसभा में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुकाबला NDA के विकास और महागठबंधन के विनाश के बीच होगा। उन्होंने कहा आरजेडी का मतलब रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी है। दूसरी ओर, तेजस्वी ने कहा कि जेडीयू के 20 साल राज करने के बाद, 11 साल मोदी के शासन के बाद बिहार सबसे गरीब है। बिहार में इंडस्ट्री नहीं है। बिहार से पलायन हो रहा है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार फिसड्डी है। बिना घूस दिए यहां काम नहीं होता।