BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले के भिलाई स्टील प्लांट के हिर्री माइंस क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर को पत्थर से कुचल दिया गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। शव उस क्षेत्र में मिला है, जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सुरक्षा व्यवस्था रहती है।

बता दें, गुरुवार सुबह काम पर पहुंचे मजदूरों ने हिर्री माइंस इलाके में एक युवक का शव नंग हालत में पड़ा देखा। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है और उसका रंग गेहुआं है। घटनास्थल से शराब की बोतलें, डिस्पोज़ल गिलास और खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ है। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक को नशा कराकर यहां लाया गया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से उसकी हत्या की गई।
मृतक के कपड़े उसके सिर के नीचे दबे मिले हैं। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी खंगाली जा रही है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि युवक को शराब पीने और पार्टी के बहाने हिर्री माइंस एरिया में लाया गया और सुनसान जगह का फायदा उठाकर पूर्व नियोजित तरीके से हत्या की गई।दूसरी संभावना यह है कि शराब पीने के दौरान आपसी विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में युवक की हत्या कर दी गई।
CISF की सुरक्षा पर सवाल
हिर्री माइंस क्षेत्र CISF की सुरक्षा में आता है। यहां CISF का कैंप स्थापित है और CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद इस प्रकार की गंभीर घटना का सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि जिस स्थान पर शव मिला, वह माइंस के भीतर जाने का रास्ता है, लेकिन CISF के जवान वहां लगातार निगरानी नहीं करते।
सूत्रों के अनुसार 11 जुलाई को CISF के जवान यहां पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद नियमित गश्त नहीं की गई। खदान क्षेत्र कई तरफ से खुला हुआ है, जिससे बाहरी लोग आसानी से अंदर प्रवेश कर सकते हैं। इससे पहले भी चोरी जैसी घटनाएं यहां हो चुकी हैं।




































