WASHINGTON NEWS. अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की जोड़ी खूब चर्चा में थी, लेकिन अब ये दोस्ती टूट गई है। अब दोनों के बीच ‘संग्राम’ छिड़ गया है। मस्क ने सार्वजनिक रूप से कहा कि अगर मैंने ट्रम्प की मदद नहीं की होती तो वे 2024 का राष्ट्रपति चुनाव हार जाते। डेमोक्रेट्स संसद पर कब्जा करते। सीनेट में रिपब्लिकन 51-49 के अंतर से जीतते। बता दें कि कांग्रेस बजट ऑफिस (सीबीओ) के मुताबिक ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ से फेडरल कर्ज बढ़ने से हर अमेरिकी नागरिक पर औसतन 11 लाख रु. से अधिक का अतिरिक्त कर्ज बोझ बढ़ेगा।
इलॉन मस्क ने ट्रम्प के लिए करीब 29 करोड़ डॉलर (लगभग 2400 करोड़ रु.) खर्च किए थे और पेनसिल्वेनिया में ट्रम्प के साथ प्रचार भी किया था। दूसरी ओर ट्रम्प ने कहा कि मैं मस्क की मदद के बिना भी चुनाव जीत जाता।’ इसके साथ ही ट्रम्प ने मस्क की सरकारी सब्सिडी और ठेके खत्म करने की धमकी दी। मस्क को 38 अरब डॉलर (3.26 लाख करोड़ रु.) की सब्सिडी मिलती है। ट्रम्प ने कहा, अरबों डॉलर बचाने का सबसे आसान तरीका यही है।
ये भी पढ़ें: सुधाकर की मौत के बाद बौखलाए नक्सलियों ने मचाया उत्पात, वाहन फूंके, आवागमन बंद…सर्चिंग भी तेज
इस बीच, मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयर 17% तक गिर गए, जिससे कंपनी की मार्केट कैप 2 अरब डॉलर (17 हजार करोड़ रु.) घट गई। ट्रम्प ने लिखा, मस्क जानते थे कि मैं ईवी की अनिवार्यता खत्म करने वाला हूं। मैंने उनसे इस्तीफा मांगा और जब ईवी आदेश रद्द किया तो मस्क ‘पागल’ हो गए। वहीं, मस्क ने एपिस्टीन सेक्स फाइल का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ट्रम्प हैं, अब बड़े धमाके का वक्त आ गया है।
मस्क बनाएंगे नई पार्टी, ऑनलाइन पोल शुरू किया
ट्रम्प से तनातनी के बीच मस्क ने नई पार्टी की बात करके सियासी हलचल मचा दी है। मस्क ने सोशल मीडिया पर पोल शुरू किया, ‘क्या अमेरिका में नई सियासी पार्टी बनाने का समय आ गया है, जो करीब 80% लोगों का प्रतिनिधित्व कर सके?’पहले सवा घंटे में ही 6 लाख से ज्यादा लोगों ने वोट किया। इनमें 83% लोगों ने नई पार्टी के पक्ष में वोट दिया। मस्क के इस सवाल को नई संभावना तलाशने का प्रयास माना जा रहा है। मस्क ने ट्रम्प टीम के सीनियर मंत्रियों को एक्स पर अनफॉलो करना शुरू कर दिया।
राष्ट्रपति ट्रम्प का दावा है कि यह बिल आम नागरिकों और कंपनियों को टैक्स में राहत देने की उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता है। उनके मुताबिक, टैक्स में कटौती से अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक ऊर्जा मिलेगी। ट्रम्प इस बिल को अमेरिका की सुरक्षा नीति के लिहाज से निर्णायक मानते हैं। इसमें सैन्य बजट और बॉर्डर सिक्योरिटी के लिए बड़ा प्रावधान किया गया है, जो उनके अमेरिका फर्स्ट एजेंडे का हिस्सा है।