RAIGARH. शहर के जूट मिल थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने पारिवारिक विवाद के चलते खुद को गोली मार ली। घटना के बाद घायल आरक्षक को इलाज के लिए निजी अस्पताल लाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के लिए रेफर किया गया है।
घटना में आरक्षक को सीने के ऊपर गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आरक्षक का नाम शनि मालाकार है और वह जूट मिल थाने में पदस्थ था। बताया जाता है कि शनि मालाकार इंदिरा नगर इलाके में रहता है।
रविवार की सुबह परिवार के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ जिसके बाद उसने सर्विस राइफल से खुद पर फायर कर लिया। गोली उसके सीने के ऊपर लगी।
वहीं घर वालों ने जब फायरिंग की आवाज सुनी, उसके बाद उन्हें घटना का पता चला। इसके बाद आनन फानन में उसे इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने आरक्षक की नाजुक हालत को देखते हुए, उसे बिलासपुर के लिए रेफर किया है। मामले में पुलिस जांच की बात कह रही है।