दुर्ग। एसपी बद्रीनारायण मीणा ने जिले में पदस्थ दो लापरवाह पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। दोनों के खिलाफ शिकायतों की लंबी लाइन लगी हुई थी। लगातार ड्यूटी से नदारद रहना इनकी आदत में शामिल था। लगातार इनकी छुटिटयों से थाने का स्टाफ भी परेशान रहता था। आखिरकार एसपी मीणा ने इनपर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोंनों पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार देवव्रत सिंह आरक्षक (जीडी) के पद पर 15 जनवरी 2013 को भर्ती हुआ था। भर्ती के बाद से ही वह ड्यूटी से नदारद रहता था। अपने काम के प्रति लापरवाही बरतने एवं लगातार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने पर उसे कई बार छोटी सजा दी गई। अधिकारियों द्वारा समझाइश भी दी गई लेकिन इसके कोई सुधार नहीं आया।
इसी प्रकार विक्रम सिंह, आरक्षक (जीडी) के पद पर 1 फरवरी 2011 को भर्ती हुआ था। विक्रम सिंह पर भी बिना जानकारी छुट्टी लेने और काम के प्रति लापरवाही करने का आरोप है। विक्रम सिंह को भी कई दफे नोटिस दिया गया। इसके बाद भी उसके आचरण में किसी प्रकार का बदलाव नहीं आया। लगातार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने पर उसे छोटी एवं बड़ी सजा के माध्यम से दण्डित किया गया इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ।
एसपी ने जारी किया आदेश
दोनों पुलिस कर्मी देवव्रत सिंह व विक्रम सिंह के इन्हीं आदतों को देखते हुए एसपी बद्रीनारायण मीणा ने दोनों को बर्खास्त कर दिया है। बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया। एसपी बद्रीनारायण मीणा ने इस सबंध में बताया कि दोनों आरक्षकों को पर्याप्त मौके दिए गए लेकिन उनके व्यवहार में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं आया। इसे देखते हुए दोनों को सेवा से पृथक यानी बर्खास्त कर दिया गया है।