HYDRABADA NEWS. आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ फिल्मों के सुपरस्टार पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। उन्होंने अपनी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला से भी अलग होने का फैसला किया है। शादी के 13 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया। इस फैसले के साथ ही पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म होने की स्थिति में पहुंच गई है। हालांकि, कानूनी तलाक की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पवन कल्याण और अन्ना की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा साथ बिताने के बाद उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। शादी भले ही खत्म हो गई है, लेकिन दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे।

पहली शादी नंदिनी से, 2008 में हुआ तलाक
पवन कल्याण ने 1996 में फिल्म ‘अक्कड़ा अम्मायी इक्कड़ा अब्बायी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। फिल्मी करियर शुरू होने के एक साल बाद 1997 में उनकी पहली शादी नंदिनी से हुई। यह शादी परिवार की सहमति से हुई थी, लेकिन दोनों के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे। पवन और नंदिनी 1999 में अलग रहने लगे थे। हालांकि, कानूनी रूप से उनका तलाक 2008 में हुआ। इस दौरान पवन कल्याण अभिनेत्री रेनू देसाई के करीब आ गए थे। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘बद्री’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। रेनू और पवन के बेटे अकीरा नंदन का जन्म 2004 में हुआ। नंदिनी ने पवन के खिलाफ दूसरी महिला के साथ संबंधों को लेकर कानूनी शिकायत भी दर्ज कराई थी। बाद में दोनों का वैवाहिक रिश्ता कानूनी रूप से समाप्त हो गया।

2009 में रेनू से शादी, 2012 में तलाक
नंदिनी से तलाक के बाद पवन कल्याण ने 28 जनवरी 2009 को अभिनेत्री रेनू देसाई से शादी की। दोनों का एक बेटा और एक बेटी है। बेटे का नाम अकीरा नंदन और बेटी का नाम आध्या है। हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला। शादी के करीब तीन साल बाद 2012 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के कारणों को लेकर अलग-अलग खबरें सामने आई थीं, लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की।

2013 में रूसी मॉडल अन्ना से तीसरी शादी
रेनू से अलग होने के बाद पवन कल्याण की जिंदगी में रूसी मॉडल और अभिनेत्री अन्ना लेजनेवा आईं। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘तीन मार’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। 30 सितंबर 2013 को दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद अन्ना और पवन दो बच्चों के माता-पिता बने। उनकी बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है। अब 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है। इस तरह पवन कल्याण की तीनों शादियों का अंत अलगाव के साथ हुआ है। हालांकि, तीसरी शादी के मामले में फिलहाल कानूनी तलाक की पुष्टि नहीं हुई है।

2014 में बनाई पार्टी, 2024 में बने आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM
फिल्मों में लोकप्रियता हासिल करने के बाद पवन कल्याण ने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने 14 मार्च 2014 को जनसेना पार्टी की स्थापना की। 2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनसेना ने तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और भाजपा के साथ गठबंधन किया। चुनाव में जनसेना ने 21 सीटों पर चुनाव लड़कर सभी सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, TDP को 135 और भाजपा को 8 सीटें मिलीं। इसके बाद चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री बने और पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। अभिनेता से राजनेता बने पवन कल्याण अब अपनी राजनीतिक भूमिका के साथ निजी जिंदगी के इस फैसले को लेकर भी चर्चा में हैं।


































