WASHINGTON NEWS. अमेरिका और ईरान के बीच आठ महीने से जारी युद्ध अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को दावा किया कि सैन्य तौर पर ईरान के खिलाफ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने संकेत दिए कि फिलहाल अमेरिका ईरान पर बड़े सैन्य हमले नहीं करेगा और मौजूदा स्थिति बनाए रखेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि ईरान का सैन्य नेतृत्व खत्म कर दिया गया है।

अब अमेरिका की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय तक आगे न बढ़ सके। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत आगे बढ़ती है और ईरान एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है तो दोबारा सैन्य कार्रवाई की जरूरत पड़ने की संभावना काफी कम है। ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात के बाद दिया। कतर इस समय अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ाने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ट्रम्प के युद्ध लगभग खत्म होने के दावे के बावजूद क्षेत्र में सैन्य तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

अमेरिकी सेना ने पिछले एक सप्ताह में कम से कम दो बार ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाकर सीमित हमले किए हैं। इसके अलावा शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक व्यावसायिक जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया। अमेरिका का आरोप है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। ट्रम्प ने कहा है कि फिलहाल बड़े सैन्य अभियान की आवश्यकता नहीं दिख रही है, लेकिन परिस्थितियां बदलने पर अमेरिकी सेना कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी।

मिडटर्म चुनाव में हार के बाद बदला रुख?
ट्रम्प के युद्ध समाप्ति संबंधी बयान को अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के नतीजों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह हुए चुनाव में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा दिया। चुनाव के दौरान ईरान युद्ध अमेरिकी मतदाताओं के बीच बड़ा मुद्दा बना रहा। आठ महीने से जारी संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई और इसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था के साथ वैश्विक बाजारों पर भी पड़ा। रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार के पीछे युद्ध को भी एक प्रमुख कारण माना गया। ऐसे में ट्रम्प प्रशासन पर सैन्य कार्रवाई समाप्त करने और कूटनीतिक समाधान निकालने का दबाव बढ़ा है।

ईरान की शर्त- युद्ध खत्म करें, 48 घंटे में खोल देंगे होर्मुज
दूसरी तरफ ईरान ने भी अमेरिका के सामने युद्ध समाप्त करने का प्रस्ताव रखा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यदि अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने की शर्त मान लेता है तो ईरान दो दिन के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए तैयार है। अराघची ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें स्वीकार करनी होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका युद्ध का रास्ता चुनता है तो ईरानी सेना जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है।



































