NEW DELHI NEWS. भारतीय रेलवे ने देशभर में स्वच्छता, कबाड़ निपटान और लंबित मामलों के समाधान को लेकर चलाए गए विशेष अभियान-6 में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान रेलवे ने कबाड़ बेचकर 628.49 करोड़ रुपए की कमाई की। वहीं, अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ हटाकर 6.20 लाख वर्गफुट से अधिक जगह खाली कराई गई। इस दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और कार्यशालाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में एक लाख से ज्यादा स्वच्छता अभियान चलाए गए। रेलवे के इस अभियान में स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के साथ ई-कचरे के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।

अभियान के तहत 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान किया गया। इससे रेलवे को 10.43 करोड़ रुपए की आय भी हुई। ई-कचरे का व्यवस्थित संग्रह, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान इस बार अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा। विशेष अभियान-6 के दौरान भारतीय रेलवे ने कबाड़ निपटान से 628.49 करोड़ रुपए जुटाए। रेलवे ने इसके लिए 600 करोड़ रुपए का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस तरह निर्धारित लक्ष्य से 28.49 करोड़ रुपए अधिक की कमाई हुई। इसके अलावा पुरानी और अनुपयोगी सामग्री हटाकर 6,20,121 वर्गफुट जगह खाली कराई गई। इस जगह का उपयोग रेलवे की अन्य परिचालन और प्रशासनिक जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।

फाइलों और लंबित मामलों के निपटारे पर भी जोर
अभियान के दौरान रेलवे ने रिकॉर्ड प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए पुरानी भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की। इसके साथ ही जन शिकायतों, अपीलों, संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों और अन्य लंबित मामलों के निपटारे पर भी काम किया गया। इन पहलों का उद्देश्य कार्यालयों में अनावश्यक रिकॉर्ड का बोझ कम करना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करना और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करना था।

5,884 स्टेशनों पर एक साथ हुआ रेल जन संवाद
विशेष अभियान-6 के तहत रेलवे ने यात्रियों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए रेल जन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया। 22 अक्टूबर 2026 को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ यह कार्यक्रम हुआ। इसमें यात्रियों को वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। रेलवे का उद्देश्य इस पहल के जरिए नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना और यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं में सुधार करना था।

रेलवे के अनुसार, विशेष अभियान-6 की उपलब्धियां स्वच्छता, कबाड़ प्रबंधन, ई-कचरे के जिम्मेदार निपटान और प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाती हैं। अभियान के जरिए रेलवे परिसरों में बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने और यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।


































