JHANSI NEWS. ट्रेन में यात्रियों की दबंगई का मामला सामने आया है। अहमदाबाद से आसनसोल जा रही ट्रेन में ड्यूटी कर रहे टीटीई के साथ तीन यात्रियों ने कथित तौर पर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने टीटीई के सरकारी कामकाज में इस्तेमाल होने वाले हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) को भी तोड़ दिया। इस घटना के चलते ट्रेन का परिचालन करीब 54 मिनट तक प्रभावित रहा। मामले में जीआरपी ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे अधिकारी प्रदीप सुडेले के मुताबिक, ट्रेन नंबर 19435 शनिवार रात 11:09 बजे ललितपुर स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन के आगे बढ़ने के कुछ ही देर बाद यात्रियों ने दो बार अलार्म चेन खींच दी। एक कोच में विवाद की सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात टीटीई राम सजीवन यादव मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि टीटीई जब विवाद की जानकारी लेने और आवश्यक कार्रवाई करने पहुंचे, तभी कोच में मौजूद तीन यात्रियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके पास मौजूद सरकारी हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट और सरकारी उपकरण में तोड़फोड़ के आरोप में तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे अधिकारी के अनुसार, इस घटना के कारण ट्रेन का परिचालन 54 मिनट तक बाधित रहा। इसके बाद ट्रेन शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि 12:05 बजे आगे के लिए रवाना हो सकी।
दीपावली के बाद ट्रेनों में उमड़ी यात्रियों की भीड़, सीटों के लिए मारामारी
दीपावली का त्योहार खत्म होने के बाद अब लोगों की घर वापसी और दूसरे शहरों की ओर यात्रा का सिलसिला तेज हो गया है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गोरखपुर, मुंबई, भोपाल और दिल्ली रूट की ट्रेनों में यात्रियों को सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।
जनरल कोच पहले से ही यात्रियों से खचाखच भरे चल रहे हैं। ऐसे में जगह नहीं मिलने पर यात्री स्लीपर कोच में भी चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कन्फर्म टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भीड़ के चलते कुछ यात्री लगेज वैन के अलावा महिला और दिव्यांग कोच में भी बैठकर सफर करते दिखाई दिए। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात आरपीएफ जवान महिला और दिव्यांग कोच खाली कराने के साथ यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने की कोशिश करते नजर आए। इसके बावजूद ट्रेन के रवाना होते ही यात्री दौड़कर कोच में चढ़ते रहे।
शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को यात्रियों की भीड़ कुछ कम जरूर रही, लेकिन मुंबई, गोरखपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सीटों की किल्लत बनी रही। त्योहार के बाद बढ़ी भीड़ ने रेलवे व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।


































