BHOPAL NEWS. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित MLA रेस्टहाउस से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन को आवंटित कमरे में उनकी गैरमौजूदगी के दौरान एक युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। हैरानी की बात यह है कि दोनों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। विधायक के अचानक पहुंचने पर दोनों मौके से भाग निकले। मामले को लेकर विधायक ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली से लौटे विधायक तो कमरे में मिला युवक-युवती
जानकारी के मुताबिक, महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन को भोपाल के MLA रेस्टहाउस स्थित ब्लॉक-3 में कमरा आवंटित है। विधायक 2 नवंबर को दिल्ली से लौटकर जब अपने कमरे में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। उनके कमरे में एक युवक और युवती मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्ध हालत में थे और उन्होंने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। विधायक को अचानक सामने देखकर दोनों वहां से भाग निकले।
विधायक की गैरमौजूदगी में किसने दी कमरे की चाबी?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर विधायक को आवंटित कमरे में उनकी गैरमौजूदगी में युवक-युवती कैसे पहुंचे? जानकारी के अनुसार, MLA रेस्टहाउस में कमरों की चाबियां रिसेप्शन काउंटर पर रखी जाती हैं।
विधायक दिनेश जैन ने इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत की है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी या उनके निजी सहायक (PA) की जानकारी और अनुमति के बिना केयरटेकर ने कमरे की चाबी किसी अन्य व्यक्ति को दे दी।
मुख्य सचिव को पत्र, PWD ने शुरू की जांच
विधायक ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कमरे की चाबी किसके कहने पर दी गई थी, युवक-युवती रेस्टहाउस में किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उन्होंने पुलिस की वर्दी क्यों पहन रखी थी। फिलहाल इस मामले में युवक-युवती की पहचान और उनकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। PWD की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी।




































