JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों पर मनोरंजन और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के नाम पर एक बेजुबान जानवर के साथ बर्बरता करने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर गेट पर लटकाते और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। इस पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड भी किया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स ने इस अमानवीय हरकत की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिंदा चूहे को बांधकर लगाई आग, वीडियो ने मचाया हड़कंप
वायरल वीडियो में कथित तौर पर कुछ युवक एक चूहे को रस्सी से बांधकर गेट पर लटकाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग के हवाले कर दिया जाता है। इस दौरान पूरी घटना को कैमरे में कैद किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पशु-पक्षियों के प्रति इंसानी संवेदनशीलता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद झांसी पुलिस ने इसका संज्ञान लिया। शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में चार युवकों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आसिफ कुरैशी और सफीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत केस दर्ज किया गया है। मुकदमे की संख्या 319/26 बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सीओ सिटी ने क्या बताया?
सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को एक वीडियो मिला था। वीडियो में एक जीवित चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने की घटना दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर कोतवाली में तत्काल मुकदमा दर्ज कराया है। प्रकरण में अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी इंसान और जानवरों के टकराव का मुद्दा आया था सामने
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में इंसानों और जानवरों के बीच टकराव की घटनाओं में 4 हजार से अधिक मौतों का मामला सामने आया था। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लोगों को सतर्क रहने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की थी।






































