JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। गुरसराय थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय बीए छात्र लव पटेल की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय वह घर में अकेला था। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसके परिवार को सूचना दी। परिजन छात्र को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है। इसमें वह अपने पिता से भावुक होकर कहता सुनाई देता है, “पापा, पैसे आप ही रख लीजिए, अब मैं मां के पास जा रहा हूं।” पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
घर में अकेला था बीए का छात्र
जानकारी के मुताबिक, लव पटेल गुरसराय थाना क्षेत्र में अपने पिता मुन्ना लाल पटेल के साथ रहता था। उसके पिता ग्राम विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में खेती-बाड़ी करते हैं।
बताया गया है कि घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे मुन्ना लाल अपनी पत्नी हेमलता के साथ खेत पर गए थे। उस समय लव घर पर अकेला था। करीब दो घंटे बाद पड़ोसियों ने घर के भीतर गोली चलने की आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो घर अंदर से बंद था।
पड़ोसियों ने लव के पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। मुन्ना लाल घर पहुंचे, तो उनका बेटा खून से लथपथ हालत में मिला। पास में ही पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी। परिवार के लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल में मिला भावुक वीडियो, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसी दौरान पुलिस को लव के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि वीडियो में वह अपने पिता से भावुक होकर बात करता दिखाई देता है। वह उनसे माफी मांगता है और कहता है कि उसके इस कदम के लिए परिवार, दोस्तों या रिश्तेदारों में से कोई जिम्मेदार नहीं है।
पुलिस इस वीडियो की प्रामाणिकता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, वीडियो में कही गई बातों को घटना का अंतिम कारण नहीं माना जा सकता। मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पिता ने बताया- कुछ समय से तनाव में था बेटा
लव के पिता मुन्ना लाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उनके मुताबिक, लव को रात में ठीक से नींद नहीं आती थी और वह इसके लिए दवाइयां भी ले रहा था। हालांकि, छात्र की मौत की असली वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मां की मौत के बाद पिता के साथ रह रहा था लव
परिवार से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, लव की मां संगीता पटेल की वर्ष 2009 में आत्महत्या से मौत हो गई थी। इसके बाद से लव अपने पिता के साथ रह रहा था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। संगीता की मौत के बाद मुन्ना लाल ने हेमलता से शादी कर ली थी। अब लव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।







































