JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद 28 वर्षीय मुस्कान सिमौलिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित ऋषभ होटल की है। मुस्कान अपने पति नीलेश के साथ होटल के कमरा नंबर 212 में ठहरी हुई थी। महिला की मौत के बाद उसके पिता ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
होटल के CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल
मुस्कान की मौत से जुड़ा 47 सेकंड का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में होटल की गैलरी से तीन लोग कमरे की ओर जाते दिखाई देते हैं। इनमें से दो लोग पहले कमरे के अंदर प्रवेश करते हैं, जबकि उनके पीछे युवती भी कमरे की तरफ बढ़ती है। इसी दौरान वह दरवाजे के बाहर अचानक गिर पड़ती है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
पिता का आरोप- पहले से शादीशुदा था पति, बेटी को करता था परेशान
मृतका के पिता रामजी लाल अहिरवार ने अपने दामाद नीलेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, मुस्कान की शादी 29 जून को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश से हुई थी। शादी के बाद बेटी ने उन्हें बताया था कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी इंदौर में रहती है।
पिता का आरोप है कि इसी बात को लेकर नीलेश उनकी बेटी को परेशान करता था और उसे ताने देता था। रामजी लाल ने दावा किया कि उनके दामाद ने मुस्कान का मुंह पकड़कर उसका सिर दीवार पर मारा, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। फिलहाल ये आरोप हैं, जिनकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पति ने बताया- अचानक गिर गई थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि एक महिला को जिला अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां मृतका का पति भी मौजूद था। पूछताछ के दौरान नीलेश ने बताया कि वह और मुस्कान ऋषभ होटल के कमरा नंबर 212 में रुके हुए थे। उसके अनुसार, सुबह चेकआउट के दौरान उसकी पत्नी अचानक गिर पड़ी।
पुलिस ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। मामले में पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह के अनुसार, महिला की मौत के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत की वजह स्पष्ट हो सके। मृतका के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।
फिलहाल मुस्कान की मौत का रहस्य बरकरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के आरोपों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।





































