KANPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के कानपुर से पारिवारिक विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटे की पिटाई से नाराज महिला पर अपने देवर को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम भाभी और देवर के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट की नौबत आ गई।
आरोप है कि इसी दौरान महिला ने देवर के प्राइवेट पार्ट को दांत से काट लिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे उर्सला अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया।
बेटे की पिटाई के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग का बड़ा बेटा अहमदाबाद में निजी नौकरी करता है, जबकि उसका परिवार गांव में रहता है। बुजुर्ग का 37 वर्षीय छोटा बेटा भी अपने परिवार और चार बच्चों के साथ गांव में रहता है।
आरोप है कि देवर ने अपनी भाभी के बेटे की पिटाई कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। शुक्रवार शाम भाभी, देवर और ससुर के बीच फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी दौरान महिला ने कथित तौर पर देवर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद युवक दर्द से तड़पने लगा और मदद के लिए लोगों से गुहार लगाने लगा।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचा युवक
घटना के बाद घायल युवक को उसके पिता ने पड़ोसियों की मदद से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे उर्सला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे हैलट अस्पताल भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, युवक का उपचार जारी था और उसकी हालत स्थिर बताई गई।
महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
मामले में सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि घायल युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हालांकि, इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की जांच जरूरी है। पुलिस के अनुसार, किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































