BHILAI NEWS. हमारी प्राचीन भारतीय ज्ञान परम्परा आज के समय, समाज और संस्कृति के परिप्रेक्ष्य में कितनी प्रासंगिक है, इस ज्वलंत और महत्वपूर्ण विषय पर भिलाई में एक वृहद वैचारिक मंथन होने जा रहा है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और साहित्य प्रेमियों के लिए रविवार, 27 सितंबर को सिविक सेंटर स्थित आईसीएआई (ICAI) भवन में दोपहर 3:30 बजे से एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया है।

यह आयोजन ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति व्याख्यान’ की 11वीं कड़ी है, जिसका मुख्य विषय “भारतीय ज्ञान परम्परा: समय, समाज और संस्कृति” रखा गया है।
ये विद्वान करेंगे मंच साझा
इस वैचारिक महाकुंभ में मुख्य वक्ता के रूप में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के सदस्य सचिव और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. सच्चिदानंद जोशी उपस्थित रहेंगे। डॉ. जोशी एक प्रख्यात लेखक और संपादक भी हैं। उनके साथ ही, अतिथि वक्ता के तौर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष एवं सुपरिचित विचारक श्री शशांक शर्मा अपने विचार साझा करेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी शुरुआत
आयोजन समिति की सचिव सुमन कन्नौजे ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति और राज्य प्रेम की भावना से ओत-प्रोत होगी। प्रख्यात लोक गायिका श्रीमती रजनी रजक छत्तीसगढ़ का राज्य गीत प्रस्तुत करेंगी, जबकि नयनदीप विद्यालय के छात्र ‘वंदे मातरम’ का गायन करेंगे। मंच का प्रभावी संचालन श्रीमती रचना नायडू द्वारा किया जाएगा।

2003 से जारी है यह वैचारिक यात्रा
ग्रामोदय एवं प्रबुद्ध परिषद छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान तथा छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित हो रही यह संगोष्ठी अपने आप में एक ऐतिहासिक महत्व रखती है। वर्ष 2003 से शुरू हुई इस व्याख्यान माला में अब तक डॉ. मुरली मनोहर जोशी, डॉ. विद्यानिवास मिश्र, श्री वेद प्रताप वैदिक, विष्णु कांत शास्त्री, के.एस. सुदर्शन, प्रभात झा और तरुण विजय जैसी देश की कई शीर्ष बौद्धिक विभूतियां अपना उद्बोधन दे चुकी हैं।

आयोजक संस्था प्रबुद्ध परिषद के अतुल नागले, अजय डांगे, संजय कुमार मिश्र, हेमंत नायडू, डी.वी. गिरी और ग्रामोदय संस्था के अनिल वशिष्ठ व श्वेता उपाध्याय ने दुर्ग-भिलाई के सभी प्रबुद्ध जनों, शोधार्थियों और आम नागरिकों से इस निःशुल्क ज्ञान-सत्र में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभान्वित होने की अपील की है।
कान्हा-किसली घूमने निकले 5 दोस्त, बाढ़ में फंसी कार; 112 पर कॉल के बाद ऐसे बची जान






































