JALAUN NEWS. जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव में बुधवार रात अंबेडकर पार्क में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गई। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीण पार्क पहुंचे तो प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में इसकी खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही सीओ जालौन अजय कुमार सिंह और कुठौंद थाना प्रभारी विजय पांडेय समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

CCTV और अन्य साक्ष्यों की जांच
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कुछ शरारती तत्वों ने जानबूझकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त की, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। सीओ अजय कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के साथ CCTV और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन नई प्रतिमा लगवाएगा
घटना के बाद प्रशासन ने जल्द ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। किसी भी तरह के विवाद या तनाव को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





































