MADHYA PRADESH NEWS: मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थाम दीं। बागली-चापड़ा मार्ग पर एक युवती अपने प्रेमी से मिलने की जिद में करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती करीब तीन घंटे तक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में बैठी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही। घटना की जानकारी मिलते ही बागली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सड़क पर भी लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने माइक के जरिए युवती से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की बात कहती रही।
पत्थर में बांधकर नीचे फेंकी चार चिट्ठियां
टावर पर बैठी युवती ने अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए चार चिट्ठियां लिखीं। उसने इन चिट्ठियों को पत्थरों में बांधकर नीचे फेंका। चिट्ठियों में युवती ने दावा किया कि उसकी और उसके प्रेमी की कोर्ट मैरिज हो चुकी है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार वालों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। एक चिट्ठी में उसने लिखा, “अब समय बहुत हो रहा है, प्रेमी को बुलाओ मेरे।” चिट्ठियों के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की चिंता और बढ़ गई।
प्रेमी के पिता और भाई को भी बुलाया गया
पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार युवती को समझाने में जुटी रही। अधिकारियों ने उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए कहा, लेकिन युवती ने साफ कर दिया कि वह अपने प्रेमी के सामने आए बिना टावर से नीचे नहीं उतरेगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी के पिता और भाई को भी मौके पर बुलाया। दोनों ने युवती से बातचीत की, लेकिन इसके बावजूद वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। उसकी मांग थी कि उसका प्रेमी खुद मौके पर आए।
शाम 6:10 बजे पहुंचा प्रेमी, 6:55 पर नीचे आई युवती
करीब तीन घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद आखिरकार शाम करीब 6:10 बजे युवती का प्रेमी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा। प्रेमी को देखते ही युवती शांत हुई। इसके करीब 15 मिनट बाद, यानी लगभग 6:25 बजे, युवती ने टावर से नीचे उतरना शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे समय उसकी निगरानी करती रही। करीब 6:55 बजे युवती सुरक्षित नीचे आ गई। नीचे उतरने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवती को बागली सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी प्राथमिक जांच की गई। बताया गया कि उसे किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है।
परिवार रिश्ते के खिलाफ होने का दावा
बागली पुलिस के अनुसार, युवती कत्रोद थाना क्षेत्र की रहने वाली है और लंबे समय से बागली के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में है। बताया जा रहा है कि युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं।युवती ने अपने परिवार पर मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक दबाव और इसी नाराजगी के चलते युवती ने टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को समझने के लिए दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है। दोनों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।





































