AMBIKAPUR NEWS. सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर अपनी पोस्ट्स से चर्चा में रहने वाली इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो एक नए विवाद में फंस गई हैं। इस बार मामला किसी रील का नहीं, बल्कि एक जनप्रतिनिधि की छवि खराब करने और उन पर गंभीर आरोप लगाने का है। अंबिकापुर जिले के ग्राम पंचायत भकुरा-परसा की जनपद सदस्य (BDC) प्रिया सिंह ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा विवाद? मटकी फोड़ कार्यक्रम से शुरू हुई तकरार
इस विवाद की जड़ें 6 सितंबर को भकुरा गांव में आयोजित ‘मटकी फोड़’ प्रतियोगिता से जुड़ी हैं। BDC प्रिया सिंह के मुताबिक, वह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित थीं। करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहने और विजेताओं को पुरस्कार बांटने के बाद वह अपने घर लौट गई थीं।

रात के हुड़दंग और मारपीट ने पकड़ा तूल
घटना की उसी रात ग्राम नवापारा निवासी दीपक राजवाड़े और करन राजवाड़े अपनी बाइक का साइलेंसर निकालकर गांव में तेज गति से गाड़ी चला रहे थे। इसी हुड़दंग के दौरान उनकी बाइक से आयोजन समिति के एक सदस्य को टक्कर लग गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद और मारपीट हुई। इस मामले में आयोजन समिति ने 7 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज करा दी थी।

इन्फ्लुएंसर की एंट्री और प्रिया सिंह का पलटवार
विवाद ने तब नया मोड़ ले लिया जब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो ने इस मामले में दखल दिया। आरोप है कि आकांक्षा ने सोशल मीडिया पर इस मारपीट से BDC प्रिया सिंह का नाम जोड़ दिया। प्रिया सिंह का कहना है कि आकांक्षा ने उनके पद के दुरुपयोग का झूठा आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

पति और ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचीं BDC
सोशल मीडिया पर अपनी छवि धूमिल होते देख प्रिया सिंह ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया। रविवार दोपहर वह अपने पति भारद्वाज और स्थानीय ग्रामीणों के हुजूम के साथ सीधे कोतवाली थाना पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में स्पष्ट किया कि मारपीट की घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
43 साल पुराने महानदी विवाद पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- CWC को सौंपा मामला, जल्द समाधान की उम्मीद
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
जनपद सदस्य द्वारा सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद मामला गरमा गया है। प्रिया सिंह ने पुलिस से इस आधारहीन बयानबाजी और बदनामी की जांच कर इन्फ्लुएंसर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कदम उठाने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो इस मामले में क्या सफाई देती हैं।






































