RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारा विवाद को लेकर अब समाधान की दिशा में गतिविधियां तेज हुई हैं। ओडिशा रवाना होने से पहले रविवार को रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिल्ली में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि मामला केंद्रीय जल आयोग (CWC) को सौंपा गया है और जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है। महानदी जल विवाद को लेकर 30 जुलाई को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की बैठक हुई थी।

इसमें दोनों राज्यों के अधिकारियों और CWC के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया था। केंद्र ने बातचीत, तकनीकी सहयोग और आपसी सहमति के जरिए विवाद सुलझाने की दिशा में पहल की है। विवाद के समाधान के लिए दोनों राज्यों की तकनीकी टीमें CWC की अध्यक्षता में बैठकें कर चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अब तक दो दौर की तकनीकी चर्चा हो चुकी है और 21 सितंबर को एक और बैठक प्रस्तावित है। इसमें महानदी के पानी के बंटवारे के संभावित ढांचे समेत तकनीकी पहलुओं पर चर्चा होनी है।

वहीं महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल ने अगली सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक टाल दी है। दोनों राज्यों के बीच चल रही बातचीत और तकनीकी प्रक्रिया की प्रगति को देखते हुए यह सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को ओडिशा के दौरे पर रवाना हुए। दौरे के दौरान वे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर और पुरी के भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वे पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना करेंगे।

राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर भी साधा निशाना
इंदौर में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री साय ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का नुकसान होता है और इंदौर तथा मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस का ऐसा ही हाल होने वाला है।






































