NEW DELHI NEWS. एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पदकों का खाता खोल दिया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सोनम मस्कर, एलावेनिल वलारिवन और विदर्सा के विनोद ने सिल्वर मेडल जीता। भारत ने 1903.3 का स्कोर हासिल कर दूसरा स्थान पाया। चीन ने 1904.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि जापान 1897.1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत की टीम शुरुआत से ही पदक की रेस में बनी रही। चीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए सिल्वर अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया भी आखिरी दौर तक पदक की दौड़ में था, लेकिन अंतिम चरण में पिछड़ गया।

भारतीय टीम में सोनम मस्कर का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 634.1 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया। एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 अंक बनाए। दोनों भारतीय निशानेबाज व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाने की दौड़ में रहीं। भारत के लिए एशियन गेम्स में एक और बड़ी उपलब्धि MMA में मिली है। सूचिका तरियाल ने महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम स्पर्धा में पदक पक्का किया है।

उन्होंने मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही इस स्पर्धा में भारत का कम से कम ब्रॉन्ज पदक सुनिश्चित हो गया। इस तरह सूचिका ने MMA में भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 2026 एशियन गेम्स में MMA पहली बार पदक स्पर्धा के रूप में शामिल है। 2022 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत ने शूटिंग में कुल 22 पदक जीते थे, जिसमें 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल थे।

इस बार भी शूटिंग से भारतीय दल को कई पदकों की उम्मीद है। 2026 एशियन गेम्स में भारत की पदक मुहिम की शुरुआत शूटिंग के सिल्वर से हुई है। अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर दूसरे खेलों में भी पदक जीतकर अभियान को आगे बढ़ाने पर है।






































