BILASPUR NEWS. चकरभाठा थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को नाबालिग के परिजन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 12 साल 4 माह की बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ ही गोपनीय सूचनाओं को जुटाना शुरू किया। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकाने पर दबिश दी और नाबालिग को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने आरोपी पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।






































