RAIPUR NEWS. नवरात्रि और गरबा आयोजनों की तैयारियों के बीच रायपुर में ‘Rent A Garba Partner’ नाम से एक कथित आपत्तिजनक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पोस्टर सामने आने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने पोस्टर की पड़ताल शुरू कर दी है।
वायरल पोस्टर पर अंग्रेजी में “This Navratri, don’t dance alone! Rent A Garba Partner” लिखा हुआ है। पोस्टर में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग पैकेज और उनकी कीमतों का जिक्र किया गया है। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर वास्तव में किसने तैयार किया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।
Silver से Platinum तक बताए गए पैकेज
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर के मुताबिक, Silver Package की कीमत 1,000 से 2,500 रुपये के बीच बताई गई है। इसमें दो घंटे गरबा पार्टनर के साथ डांस, मैचिंग आउटफिट और सेल्फी जैसी सुविधाओं का उल्लेख है। वहीं Gold Package की कीमत 1,500 से 5,000 रुपये बताई गई है। पोस्टर में इस पैकेज के तहत चार घंटे साथ गरबा करने के अलावा इंस्टाग्राम के लिए रील और फोटो जैसी गतिविधियों का जिक्र किया गया है। सबसे महंगे Platinum Package की कीमत 2,000 से 6,000 रुपये बताई गई है। इसमें पूरी रात गरबा करने, गरबा के बाद माथे पर किस और घर तक छोड़ने जैसी बातें पोस्टर में लिखी गई हैं।

पुलिस ने शुरू की पोस्टर की जांच
पोस्टर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है। साइबर सेल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसे किस व्यक्ति ने तैयार किया और सबसे पहले सोशल मीडिया पर किसके जरिए प्रसारित किया गया। डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल के मुताबिक, मामले को लेकर कुछ लोगों की शिकायत मिली है। पुलिस पोस्टर की वास्तविकता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर यह भी देखा जाएगा कि मामले में किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं। तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादित पोस्टर को लेकर हुआ था मामला
रायपुर में इससे पहले भी कथित ‘न्यूड पार्टी’ से जुड़े पोस्टर सामने आने के बाद विवाद हुआ था। उस मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान दो लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई थी।
अब नवरात्रि से पहले ‘Rent A Garba Partner’ पोस्टर के सोशल मीडिया पर वायरल होने से एक बार फिर मामला चर्चा में है। गरबा आयोजनों से जुड़े लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान गरबा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में आयोजित किया जाता है। उनका कहना है कि इस तरह के पोस्टर आयोजनों की छवि को प्रभावित कर सकते हैं।





































