KORBA NEWS. कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से तीन नाबालिग सहेलियों की मौत हो गई। तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में निकले। तालाब के किनारे बच्चियों के चप्पल और कपड़े मिले। कुछ देर बाद एक बच्ची का शव पानी में दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने बाकी दोनों की तलाश शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद उनके शव भी बरामद कर लिए। मृतकों की पहचान इंदु अगरिया (7), पिता दुर्जन, राखी (8), पिता मलखम और साधना (8), पिता सुखसिंह के रूप में हुई है।

तीनों नुनेरा गांव की रहने वाली थीं और कक्षा पहली में पढ़ती थीं। उनके परिवार किसान हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को तीनों के परिवार के सदस्य काम पर गए थे। इसी दौरान बच्चियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन काम से लौटे तो तीनों घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब तक पहुंचा। वहां मेड़ के पास बच्चियों के चप्पल और कपड़े पड़े मिले।

तालाब में इंदु का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और अन्य ग्रामीणों को दी गई। पुलिस को भी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को बाहर निकाला। इसके बाद तालाब में बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस और ग्रामीण पानी में उतरे और काफी देर तक तलाश करते रहे। आखिरकार राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं, वहां कोई और मौजूद नहीं था। प्रारंभिक आशंका है कि नहाने के दौरान एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी होगी। उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों भी पानी में उतर गई होंगी और तीनों डूब गईं। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। एक बच्ची का शव तालाब में तैरता मिला, जिसके बाद बाकी दोनों की तलाश की गई। दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





































