KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घर बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी पर सीमेंट के डंबल से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई। घटना पाली थाना क्षेत्र की शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 की है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान बंधन कुंवर (39) और आरोपी की पहचान रमेश डोंगरे (40) के रूप में हुई है। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रमेश नया घर बनाकर वहां रहने की बात कर रहा था, जिसका बंधन कुंवर विरोध कर रही थी।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच घर बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया। हमले में बंधन कुंवर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रमेश और बंधन कुंवर दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद दोनों शांति बस्ती में साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार दंपती के कोई बच्चे नहीं थे। घर बनाने को लेकर दोनों के बीच पहले से मतभेद की बात सामने आई है। हालांकि विवाद की पूरी वजह और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। हत्या की सूचना के बाद पुलिस के साथ FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास मौजूद परिस्थितियों की जांच के साथ मामले से जुड़े लोगों से भी जानकारी ली। पाली थाना पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी पर हमला करने और उसकी मौत होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।







































