JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पिकनिक मनाने गए छात्रों के साथ शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हसदेव नदी के किनारे तीन छात्र पानी के तेज बहाव में बह गए। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक छात्र का शव बरामद कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे खड़े थे। बताया गया कि एक छात्र का पैर फिसलने से वह नदी में बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों नदी में बह गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ था। इससे बचाव अभियान में टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रात होने के बाद रेस्क्यू रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने शनिवार को एक छात्र का शव बरामद किया। उसकी पहचान पवन लाल, निवासी चिरमिरी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वहीं सचिन सिंह और मुरारी साहू की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। देवरी क्षेत्र में हसदेव नदी के किनारे हर साल बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं।

स्थानीय स्तर पर यहां पहले भी नदी में डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पिकनिक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षित क्षेत्र की पहचान, निगरानी और जरूरत के मुताबिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जैसे इंतजाम हादसों को रोकने में मददगार हो सकते हैं।



































