KAWARDHA NEWS. महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 12 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की खबर छत्तीसगढ़ पहुंचते ही कबीरधाम जिले के प्रभावित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

बोलेरो और आयशर वाहन की हुई जबरदस्त टक्कर
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3:31 बजे भंडारा जिले के लाखनी थाना क्षेत्र के मुंडीपार के पास हुआ। कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र से लोगों को लेकर जा रही महिंद्रा बोलेरो सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप से एक आयशर वाहन नेशनल हाईवे की मुख्य सड़क पर आ रहा था।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर आयशर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन में सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।

मृतकों में महिलाएं भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वाले लोग छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। मृतकों में मिनाक्षी राजकुमार वर्मा, सरिता विजय वर्मा, कु. रेशा राजकुमार वर्मा, गणेशिया अश्वंत पटेल और राजकुमारी प्रह्लाद पटेल समेत अन्य लोग शामिल हैं।
घटना में घायल 12 लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज महाराष्ट्र के भंडारा और नागपुर के अस्पतालों में जारी है।

विचारपुर, बांधाटोला और बिजा गांव में पसरा सन्नाटा
हादसे की खबर जैसे ही कबीरधाम जिले के विचारपुर, बांधाटोला और बिजा गांवों में पहुंची, वहां मातम छा गया। मृतकों के घरों में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोग हादसे की खबर से स्तब्ध हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के शव छत्तीसगढ़ लाने तथा घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।






































