TELANGANA NEWS. तेलंगाना के हैदराबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। कुकटपल्ली के देवीनगर इलाके में एक 40 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पत्नी के जन्मदिन की खुशियों के कुछ घंटे बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने पत्नी को WhatsApp पर एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, ‘अगर कोई गलती हो तो माफ करना… अलविदा।’ मैसेज मिलते ही पत्नी घबरा गई और परिवार के साथ तुरंत घर लौटी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इंजीनियर ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
पत्नी का जन्मदिन मनाने के बाद घर पर रुका
मृतक की पहचान मुलुगुरी रमेश (40) के रूप में हुई है। मूल रूप से तेलंगाना के कोथागुडेम कस्बे के रहने वाले रमेश पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह कुकटपल्ली के देवीनगर इलाके में अपनी पत्नी राधिका के साथ रहते थे।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को रमेश और उनके परिवार ने राधिका का जन्मदिन मनाया। घर में केक काटा गया और परिवार ने खुशियां साझा कीं। इसके बाद सभी ने हैदराबाद के टैंक बंड घूमने जाने का प्लान बनाया।
बताया जा रहा है कि रमेश ने काम या तबीयत का हवाला देते हुए बाहर जाने से इनकार कर दिया और घर पर ही रुक गए। इसके बाद राधिका अपने भाई-बहन के साथ टैंक बंड चली गईं।

अचानक आया WhatsApp मैसेज, पत्नी के उड़ गए होश
टैंक बंड पहुंचने के कुछ देर बाद राधिका के मोबाइल पर रमेश का WhatsApp मैसेज आया। मैसेज में लिखा था- ‘अगर कोई गलती हो तो मुझे माफ करना… अलविदा।’
यह पढ़ते ही राधिका घबरा गईं। उन्होंने तुरंत रमेश को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका के चलते राधिका अपने भाई-बहन के साथ तुरंत कुकटपल्ली स्थित घर के लिए रवाना हो गईं।
घर पहुंची पत्नी तो अंदर का मंजर देख रह गई दंग
जब राधिका और उनके परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने के बाद कमरे का मंजर देखकर परिवार के होश उड़ गए। रमेश मृत अवस्था में मिले। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुकटपल्ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कई पहलुओं से जांच
पुलिस ने राधिका और उनके परिजनों की शिकायत के आधार पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
अब पुलिस रमेश के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है। इसके साथ ही उनके कामकाज और निजी जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रमेश किसी तरह के मानसिक दबाव, आर्थिक परेशानी, नौकरी से जुड़े तनाव या किसी व्यक्तिगत समस्या से गुजर रहे थे या नहीं। फिलहाल मौत की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





































