BILASPUR NEWS. तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में बासी समोसा परोसने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राहक की पिटाई कर दी। भाई को बचाने पहुंची महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता किए जाने का आरोप है। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाश्ते के दौरान बासी समोसे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान परिवार तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने रुका। दीपक का छोटा भाई और भांजी समोसा खा रहे थे। इसी दौरान समोसा बासी और खराब होने की शिकायत सामने आई।

दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत सुनकर संचालक नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। दीपक ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।

भाई को बचाने पहुंची बहन से भी धक्का-मुक्की
आरोप है कि इसके बाद होटल संचालक और उसके साथियों ने दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हाथ-मुक्कों से पिटाई किए जाने के दौरान दीपक के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। भाई के साथ मारपीट होते देख उसकी बहन बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना के बाद दीपक ने तखतपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जब्त की है। फुटेज में कथित तौर पर होटल संचालक और उसके साथियों द्वारा ग्राहक के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































