SARGUJA NEWS. गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक-युवती के बीच विवाद के बाद सनसनीखेज घटना सामने आई। शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार शादी और घर जाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रेमी को खून से लथपथ देखकर युवती ने भी चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

5 साल से प्रेम संबंध, दो महीने से किराए के मकान में रह रहे थे
पुलिस के मुताबिक दरिमा निवासी मोहन पैकरा (28) और सूरजपुर जिले के कंदरई निवासी महिमा सिदार (26) पिछले करीब पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों पिछले करीब दो महीने से गांधीनगर क्षेत्र में दयाल मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे और एक दुकान में काम करते थे।

बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के मौके पर महिमा मोहन को अपने घर ले जाकर परिवार के सामने शादी की बात करना चाहती थी। हालांकि, मोहन उसके घर जाने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
बाथरूम से लौटी युवती ने देखा प्रेमी को लहूलुहान
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे महिमा बाथरूम से वापस लौटी तो उसने मोहन को खून से लथपथ हालत में देखा। उसका गला कटा हुआ था और वह गंभीर रूप से घायल था। यह दृश्य देखकर महिमा ने भी कथित तौर पर उसी चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया।
घटना के बाद मकान में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मकान मालिक दयाल मंडल मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 को सूचना दी।

पुलिस पहुंची तो युवक की हो चुकी थी मौत
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तब तक मोहन की मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल महिमा को डायल-112 की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चाकू बरामद, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गांधीनगर थाना प्रभारी दिलीप दुबे के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।





































