PATNA NEWS. पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से लैंडिंग के दौरान एक पक्षी टकरा गया। पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। विमान ने सुबह 7:43 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।

रनवे के पास पहुंचते समय पायलट को विमान के दाहिने टरबाइन के पास पक्षी के टकराने की आशंका हुई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू कर दिया। फायर ब्रिगेड समेत अन्य आपात सेवाओं को रनवे पर तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने इसकी जांच की। जांच में बर्ड हिट की पुष्टि हुई, लेकिन राहत की बात रही कि इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

वापसी की फ्लाइट 79 मिनट लेट
तकनीकी जांच और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने की अनुमति दे दी गई। हालांकि घटना का असर वापसी की उड़ान पर पड़ा। AI 1852 में सवार 160 यात्रियों को तय समय सुबह 8:45 बजे उड़ान भरने के बजाय 10:09 बजे रवाना होना पड़ा। यानी फ्लाइट करीब 79 मिनट देरी से उड़ सकी।

सात दिन में दूसरी बार बर्ड हिट
पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की यह घटना महज एक संयोग नहीं मानी जा रही है। इससे पहले 17 अगस्त को भी विमान से पक्षी के टकराने की घटना सामने आई थी। महज सात दिनों के भीतर दूसरी घटना ने एयरपोर्ट पर पक्षियों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल एयर इंडिया की फ्लाइट सुरक्षित रही और सभी 164 यात्री बाल-बाल बच गए। लगातार सामने आ रही बर्ड हिट की घटनाओं के बीच एयरपोर्ट प्रशासन के सामने अब पक्षियों को रनवे और उड़ान क्षेत्र से दूर रखने की चुनौती बढ़ गई है।





































