
BILASPUR NEWS : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे एक ही परिवार के चार बच्चे घोंघा नदी पार कर रहे थे। इस दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से तीन बच्चे नदी में बह गए। हादसे में अनमोल जायसवाल, स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल की मौत हो गई। वहीं चौथा बच्चा राजेंद्र किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहा।

पुल की जगह नदी पार करने का लिया फैसला
घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के समडील गांव की है। पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चे शनिवार शाम करीब 4 बजे नयापारा स्थित डीपी विप्र विद्यालय से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। गांव और स्कूल के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी है।

राजेंद्र के पास साइकिल थी, जबकि बाकी तीन बच्चे पैदल थे। इसी दौरान राजेंद्र ने पुल के रास्ते जाने के बजाय नदी पार करके जल्दी घर पहुंचने की बात कही। इसके बाद चारों घोंघा नदी को पैदल पार करने लगे।

नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव ने तीन छोटे बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। वे पानी में बह गए, जबकि राजेंद्र किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गया।

एक ही परिवार के थे तीनों बच्चे
मृतकों में स्तुति और अनमोल सगे भाई-बहन थे। दोनों समडील निवासी भुवनेश्वर जायसवाल के बच्चे थे। वहीं शिक्षा, भुवनेश्वर के भाई विजय जायसवाल की बेटी थी। राजेंद्र जायसवाल परिवार का भांजा बताया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। बाद में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
SDRF और पुलिस की टीम ने नदी में बच्चों की तलाश के लिए अभियान चलाया। शनिवार देर शाम घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में स्तुति का शव बरामद किया गया।
वहीं दो अन्य बच्चों अनमोल और शिक्षा की तलाश में SDRF ने रातभर अभियान जारी रखा। रविवार सुबह दोनों के शव घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सूरी घाट के पास बरामद किए गए।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





































