KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाना एक परिवार को भारी पड़ गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब मफीक की इलाज के दौरान मौत हो गई। 13 अगस्त को हुए कथित हमले में गंभीर रूप से घायल मफीक ने 15 अगस्त को दम तोड़ दिया।

CJP के अनुसार, जनाब मफीक 13 अगस्त को करिसुंडा गांव स्थित सरकारी स्कूल में पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल की बदहाली और अव्यवस्थाओं का वीडियो बनाया था। आरोप है कि वीडियो बनाने से नाराज कुछ सशस्त्र हमलावर उसी शाम उनके घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने मफीक पर दबाव बनाया कि वे माफी मांगते हुए वीडियो रिकॉर्ड करें। मफीक ने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन पर और उनके बेटे अब्दुल हफीज पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में पिता-पुत्र दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान मफीक की हालत बिगड़ गई और 15 अगस्त को उनकी मौत हो गई।

न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष: अभिजीत दीपके
घटना को लेकर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की एक विशेष टीम जल्द पश्चिम बंगाल का दौरा कर घटना की स्थिति का जायजा लेगी और कानूनी व सामाजिक स्तर पर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।

घटना के बाद स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाने से शुरू हुआ विवाद अब कथित हमले और मौत के मामले में बदल गया है। CJP ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।






































