BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सार्वजनिक स्थान पर रोमांस और सड़क हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सिरगिट्टी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां बारिश के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि फुटपाथ पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

नशे में कार चलाने का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कार में कई लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार ड्राइविंग सीट पर एक युवक था, जबकि आगे की सीट पर एक युवती बैठी थी। पीछे भी कुछ लोग मौजूद थे। आरोप है कि कार सवार सभी लोग नशे की हालत में थे और बारिश के बीच तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे।
इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एक दुकान के सामने बने फुटपाथ पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, फुटपाथ पर मौजूद लोगों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के बाद कार में ही करने लगे रोमांस
हादसे के बाद कार में बैठे युवक-युवती का कथित तौर पर रोमांस करते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों एक-दूसरे को किस करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद कार सवार लोगों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने युवक-युवती को कार से बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

तीन दिन पुराना बताया जा रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब तीन दिन पुराना है। घटना को लेकर फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों, कार सवार लोगों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।






































