KANPUR NEWS. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संस्थान की एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपने पति, जो IIT कानपुर में ही प्रोफेसर हैं, के खिलाफ घरेलू हिंसा समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में पति पर दूसरी महिलाओं से कथित संबंध रखने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2012 में हुई थी शादी, दोनों IIT कानपुर में हैं प्रोफेसर
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता IIT कानपुर के साइंस विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जबकि उनके पति कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं। दोनों की शादी वर्ष 2012 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पूरा परिवार संस्थान परिसर में रहता है।

महिला प्रोफेसर का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों से उनके पति का व्यवहार बदल गया और इसी दौरान पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता गया।

‘दूसरी महिलाओं से संबंध’ का आरोप
शिकायत में महिला प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि उनके पति के अपने विभाग की कुछ पीएचडी छात्राओं और महिला कर्मचारियों के साथ कथित संबंध हैं। उनका दावा है कि जब उन्होंने इस बारे में सवाल किया तो उनके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और आरोपी प्रोफेसर की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
‘विरोध करने पर मारपीट और घर से बाहर निकाला’
महिला प्रोफेसर का आरोप है कि विरोध करने पर पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, कई मौकों पर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया और बरसात के दौरान भी बाहर खड़ा रहने के लिए मजबूर किया गया। उनका कहना है कि इन घटनाओं का असर उनके दोनों बच्चों पर भी पड़ा और वे मानसिक तनाव में रहने लगे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई बार विवाद इतना बढ़ गया कि IIT परिसर के सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
चाय-दूध फेंकने और शादी की तस्वीरें जलाने का आरोप
एफआईआर में महिला प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि पति गुस्से में उन पर चाय और दूध फेंक देते थे, घर में तोड़फोड़ करते थे और शादी की तस्वीरों को भी जला दिया। उनका कहना है कि परिवार बचाने की कोशिश में उन्होंने लंबे समय तक यह सब सहन किया।
महिला प्रोफेसर ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उन्होंने पति के मोबाइल फोन में किसी महिला का कथित अश्लील वीडियो देखा। इस पर सवाल करने के बाद पति ने वीडियो डिलीट कर दिया।

‘घर में CCTV लगाकर रखी जाती थी निगरानी’
शिकायत के अनुसार, घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनके जरिए महिला प्रोफेसर और दोनों बच्चों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाती थी। उनका कहना है कि इससे पूरे परिवार में डर और मानसिक दबाव का माहौल बन गया था। उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा की भी मांग की है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
कल्याणपुर एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि महिला प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर उनके पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल IIT कानपुर प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं आरोपी प्रोफेसर का पक्ष भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।





































