KOTA NEWS. किराना दुकान पर सामान के पैसे देने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी का अंजाम इतना खौफनाक होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। ग्राम खुरदुर में विवाद के दौरान बांस के डंडे से किए गए हमले में 42 वर्षीय सिदेशी बघेल की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पकड़ लिया है।

जानकारी के मुताबिक सिदेशी बघेल पिता कार्तिक बघेल (42) ग्राम खुरदुर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अंकुश रजक निवासी खुरदुर और निखिल यादव निवासी कलार तराई किराना दुकान से सामान लेकर उसके पैसे बाद में देने की बात कह रहे थे।

इसी दौरान सिदेशी ने दुकानदार को सामान के पैसे तत्काल देने की बात कही। इसी बात को लेकर आरोपियों के साथ उसकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

आरोप है कि दोनों युवकों ने बांस के डंडे से सिदेशी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

मामूली बात ने ले ली जान
घटना के बाद कोटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दोनों आरोपियों अंकुश रजक और निखिल यादव को पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
एक छोटी सी बात—सामान के पैसे अभी देने हैं या बाद में—ने देखते ही देखते एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया। घटना ने गांव में भी सनसनी फैला दी है।






































