JOB NEWS. सरकारी अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) ने नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (NORCET-11) के तहत 2218 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के जरिए केवल AIIMS दिल्ली ही नहीं, बल्कि AIIMS पटना, AIIMS कल्याणी, ESIC नई दिल्ली, डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) रांची समेत देश के 27 बड़े सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) या राज्य नर्सिंग परिषद से मान्यता प्राप्त बीएससी नर्सिंग (ऑनर्स)/बीएससी नर्सिंग/पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए।

इसके साथ ही उनका नर्स या मिडवाइफ के रूप में रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा धारक भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उनके लिए नर्स/मिडवाइफ के रूप में रजिस्ट्रेशन के साथ कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में दो वर्ष का कार्य अनुभव होना जरूरी होगा। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 3000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 2400 रुपये तय किया गया है। दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यह है भर्ती का पूरा शेड्यूल
ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक है। सरकारी या अर्धसरकारी संस्थानों में कार्यरत अभ्यर्थियों को 18 अगस्त 2026 तक एनओसी जमा करनी होगी। आवेदन की स्थिति 24 अगस्त को जारी होगी, जबकि परीक्षा शहर की जानकारी 3 सितंबर और एडमिट कार्ड 9 सितंबर 2026 को उपलब्ध कराए जाएंगे। NORCET Stage-I परीक्षा 12 सितंबर और Stage-II परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति पे मैट्रिक्स लेवल-7 के तहत होगी। उन्हें प्री-रिवाइज्ड पे बैंड-2 (₹9300-34,800) और ग्रेड पे ₹4600 के अनुसार वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, मेडिकल और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में NORCET प्रीलिम्स परीक्षा होगी, जो केवल क्वालिफाइंग होगी और इसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दूसरे चरण यानी NORCET मेन्स में शामिल होने का मौका मिलेगा। दूसरे चरण में 180 मिनट की परीक्षा होगी, जिसमें 160 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और एक-तिहाई निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। इस परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन होगा और अंतिम नियुक्ति दी जाएगी।






































