JHANSI NEWS : झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में 9 जुलाई को हुई करीब 24.90 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस वारदात में पुलिसकर्मी भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने गैंग के मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटी गई रकम में से 24.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई ‘पुलिस’ लिखी क्रेटा कार बरामद की गई है।

सूरत के कारोबारी के मुंशी से हुई थी लूट
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। सूरत के ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल के मुंशी किशन दिलीप भाई पांचाल ने 12 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 9 जुलाई की शाम मिर्नवा चौकी से करीब 100 कदम दूर क्रेटा कार सवार लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया था। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग पुलिस की वर्दी में थे और उन्होंने उनसे लाखों रुपये की रकम लूट ली।

एक-एक लाख रुपये के लालच में शामिल हुए सिपाही
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड सूर्यांश यादव है। उसे 24 लाख 90 हजार रुपये सतना पहुंचाने थे, लेकिन रकम देने से बचने के लिए उसने डकैती की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, आम लोगों में डर पैदा करने और विरोध से बचने के लिए सूर्यांश ने जालौन पुलिस लाइन में तैनात सिपाहियों को अपने साथ शामिल किया। आरोप है कि सिपाहियों को एक-एक लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।

वर्दी पहनकर क्रेटा कार से दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि योजना के तहत 9 जुलाई को मुंशी जब वसूली की रकम लेकर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने क्रेटा कार से पहुंचकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद कथित रूप से पुलिसकर्मियों की मदद से उनका अपहरण कर रकम लूट ली गई। मामला सामने आने के बाद जालौन पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।

6 आरोपी गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूर्यांश यादव, गौरव यादव, सुखबीर, सूरज सिंह, आरक्षी राघवेंद्र राजपूत और आरक्षी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें अंकित यादव, आरक्षी नीरज राजपूत, नितिन तेजवानी और संस्कार तेजवानी शामिल हैं, जो अभी फरार बताए जा रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































