BILASPUR NEWS. बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर लाखों की चोरी की कोशिश करने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे बदमाश लॉकर और एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वारदात के दौरान वे केवल बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर ही ले जा सके। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल, लोहे की गैंती और टंगिया बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को ग्रामीण बैंक बेलतरा के शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। सोमवार सुबह बैंक खुलने पर पीछे की दीवार में सेंध लगी मिली। बैंक के अंदर जांच करने पर लॉकर और एटीएम को धारदार हथियारों से तोड़ने के प्रयास के निशान मिले। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अज्ञात बदमाशों द्वारा बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी कर ले जाने का खुलासा हुआ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने सुमेष कश्यप उर्फ सोनू, सूरज कुमार विश्वकर्मा, नवीन कुमार बैसवाड़े, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की और प्रकाश यादव उर्फ बौना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया बैंक का राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, गैंती और टंगिया बरामद की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ सहित थाना रतनपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






































