FIROZABAD NEWS फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचा दी। थाना फरिहा क्षेत्र के पृथ्वीपुर चिडरई गांव के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ तेज हवाओं में उखड़कर सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा और बाइक पर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा में करीब 9 यात्री सवार थे। अचानक तेज आंधी के दौरान पेड़ जड़ों समेत उखड़ गया और सीधे वाहन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मशीनों की मदद से पेड़ हटाकर लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।






































