RAIPUR NEWS. प्रदेश की शराब दुकानों में सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पहले फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया और बाद में दूसरी जगह नौकरी दिलाने का भरोसा देकर भी रकम ऐंठ ली।

पुलिस के मुताबिक, जांजगीर-चांपा निवासी शिवधन सागर ने शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में उसके मोबाइल पर प्रदेश की शराब दुकानों में भर्ती का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर योगेश साहू ने उसे रायपुर बुलाया और बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की नियुक्ति के लिए डेढ़ लाख रुपए खर्च होंगे।इसके बाद शिवधन अपने साथ अमृत साहू और यशवंत सोनवानी को लेकर रायपुर पहुंचा।

यहां तीनों ने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नकद मिलाकर करीब तीन लाख रुपए योगेश साहू को दे दिए। कुछ दिन बाद आरोपियों ने कोरबा जिले की शराब दुकान के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया, लेकिन संबंधित कार्यालय में सत्यापन कराने पर वह पूरी तरह फर्जी निकला। जब पीड़ितों ने विरोध किया तो योगेश साहू ने रकम लौटाने या दूसरी जगह नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

इसके बाद में उसने शिवधन की मुलाकात दिलीप यादव से कराई और उसे एक निजी कंपनी का ऑपरेशन हेड बताते हुए जांजगीर-चांपा में नौकरी लगाने का आश्वासन दिया। इसके एवज में दिलीप यादव को भी ऑनलाइन और नकद मिलाकर 1.50 लाख रुपए दिए गए। रकम लेने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही कोई वैध नियुक्ति पत्र दिया गया। पीड़ितों द्वारा कई बार पैसे वापस मांगने पर दोनों आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे।

शिकायत के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए योगेश साहू तथा दिलीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।






































