UJJAIN NEWS उज्जैन: मध्य प्रदेश के नागदा क्षेत्र में बीड़ी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 19 वर्षीय युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना बिड़लाग्राम थाना क्षेत्र के ई-ब्लॉक टपरी इलाके की है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जय प्रकाश उर्फ टक्कू (19), निवासी नागदा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी मोहन ढोली ने उस पर तलवार से हमला किया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक को जनसेवा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार के अनुसार, दोनों को दोपहर से साथ घूमते हुए देखा गया था। हालांकि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला अकेले आरोपी ने किया, जबकि मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के समय अन्य लोग भी मौजूद थे और उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।






































