भिलाई। सुपेला के फरीद नगर का एक युवक एक माह से लापता है और अचानक एक वीडियो जारी होता है जिसमें वहीं युवक अपने आप को ओड़िशा में गिरवी रखे जाने की बात कहता है। युवक ने वीड़ियों मे चार लोगों के नाम बताए जिन्होंने उसे 100 किलो गांजा के लिए गिरवी रख दिया। वीड़ियो वायरल होने के बाद पुलिस की टेंशन बढ़ गई है। अब पुलिस लापता युवक की तलाश में इस एंगल को भी जोड़ दिया है।

दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल वीड़ियों में एक युवक नग्न दिखाई दे रहा है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। वायरल वीडियो में युवक कह रहा है कि सुपेला में रहने वाले अयाज, परवेज, कालू और शाहरुख नाम के युवको ने उसे 100 किलो गांजे के बदले उसे गिरवी रख दिया है। युवक बार बार इनका नाम दोहरा रहा है और अपनी मौत के लिए भी इन्हीं चार युवकों को जिम्मेदार बता रहा है।
एक माह से है लापता
वीडियो वायरल होने के बाद जब पुलिस ने रिकार्ड खंगाला तो फरीद नगर मुरुम खदान निवासी सतीश गंधर्व की मिसिंग रिपोर्ट मिली। यह वीडियो उसी सतीश गंधर्व का बताया जा रहा है। सतीश गंधर्व एक माह से लापता है। परिजनों ने सुपेला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सतीश गंधर्व की मां ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करते हुए बताया कि सतीश को चार युवक अपने साथ ले गए उसके बाद वह नहीं लौटा है।
वीडियो में भी चार युवको का जिक्र
वायरल वीडियो में भी चार युवकों जिक्र है जिसके कारण पुलिस ने लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। विडियो में जिन चार युवकों का नाम लिया जा रहा है वे भी सुपेला क्षेत्र से गायब मिले हैं। इसे देखते हुए माना जा रहा है युवक मुसीबत में हैं। लेकिन वीडियो से यह पता नहीं चल रहा है कि वह किस जगह का है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में सुपेला क्षेत्र में पूछताछ कर रही है। वहीं वायरल वीडियो में सामने आए नाम के युवको की तलाश तेज कर दी गई है।
हर एंगल से कर रहे हैं जांच
इस संबंध में सुपेला थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो में जो युवक दिख रहा है उसके लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज है। इस मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। गांजे के लिए गिरवी रखने की बात सामने आई है। इसे देखते हुए आसपास के गांजा तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं वायरल वीडियो के लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। टीआई सुरेश ध्रुव ने कहा है कि जल्द ही हम युवक का पता लगा लेंगे।



































