DURG NEWS. सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित एलुमनी मीट ने पुराने दिनों की यादों को फिर से जीवंत कर दिया। वर्षों बाद एक मंच पर जुटे पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए और कॉलेज के साथ जुड़ी स्मृतियों को ताजा किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक समाचार पत्रिका का विमोचन किया गया, वहीं शिक्षकों के लिए तैयार विशेष टीचिंग-लर्निंग संसाधन पांडुलिपि का भी लोकार्पण अतिथियों के हाथों हुआ।

महाविद्यालय के प्रथम तल स्थित हिंदी डिजिटल कक्ष में वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने करियर तथा जीवन के अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान वार्षिक समाचार पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार टीचिंग-लर्निंग संसाधन का भी शुभारंभ किया गया। आयोजन में शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा, वनस्पति शास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर जे.के. तिवारी, डॉ. संगीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और संस्थान से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विज्ञान संकाय के मुखिया एवं वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गुणवंत चंद्रौल, सहायक प्राध्यापक प्रियंका साहू, मनमीता सिंह राजपूत, गुलेश्वरी साहू, अनिल कुमार खरे तथा महाविद्यालय के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एलुमनी मीट का समापन पुराने साथियों के बीच आत्मीय संवाद, स्मृति-चित्रों और भविष्य में भी इस जुड़ाव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।






































