BILASPUR NEWS. न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी, मंगला में मंगलवार शाम एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

मृतका की पहचान सुमित्रा सोनवानी (60 वर्ष), पति पंचूराम सोनवानी, निवासी संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी, मंगला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर लंबे समय से संदेह करता था।

नहाने गई पत्नी पर पीछे से किया हमला
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे घर में ईंट-जोड़ाई का काम चल रहा था। सुमित्रा सोनवानी अपने बेटे और बहू के साथ मजदूरी कर रही थीं। काम के दौरान वह नहाने के लिए बाथरूम जाने लगीं। इससे पहले उन्होंने अपने पति पंचूराम से खाना बनाने के लिए लकड़ी फाड़ने को कहा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सुमित्रा बाथरूम में पहुंचीं, आरोपी पति पीछे से वहां पहुंचा और हाथ में मौजूद धारदार कत्ता नुमा लोहे के हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे ने भाग रहे पिता को पकड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके बेटे ने उसे पकड़ लिया और घर में ही रोककर रखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पंचूराम सोनवानी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।

हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे चरित्र शंका को प्रमुख कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






































