RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होकर एनएचएम कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की, जिसके बाद सम्मेलन में मौजूद कर्मचारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में एनएचएम कर्मियों का योगदान अतुलनीय है और राज्य सरकार उनके समर्पण और सेवा भावना का सम्मान करती है।

कोरोना काल की सेवाओं को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निभाई गई अहम भूमिका को याद करते हुए कहा कि संकट की उस घड़ी में एनएचएम के अधिकारी और कर्मचारी अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने बताया कि आज भी प्रदेश के दुर्गम इलाकों में, जहां सड़क और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, स्वास्थ्य कर्मी पैदल चलकर और नदी-नाले पार कर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है और अब तक लगभग 90 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है।

स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, जिससे विकास और जनकल्याण की नई संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

साय ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत हुई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी के सहयोग से विकसित एवं स्वस्थ छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाएगा।

घोषणा के बाद हुआ भव्य स्वागत
हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा के बाद एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, एनएचएम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Chhattisgarh News, CM Vishnu Dev Sai, Major gift from CM, NHM employees, Raipur News, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ, प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजधानी रायपुर, हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा





































