SAHARANPUR NEWS : उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा बेहट रोड पर धौलाकुआं के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग करीब 10 फीट दूर सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे के बाद क्रेटा कार भी अनियंत्रित होकर पलटते हुए खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान मलकपुर निवासी लविश (26), उनकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और तीन वर्षीय बेटी रूही के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, लविश अपनी मां, बहन और बेटी के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल से बाइक पर गांव लौट रहा था। लविश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। परिवार में पत्नी और एक छोटा बेटा भी है। हादसे में उसकी बड़ी बेटी रूही की भी जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद चारों लोग सड़क से दूर जा गिरे और उनके शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में रूही की मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि क्रेटा कार को कोठड़ी बहलोलपुर-2 निवासी ताहिर का नाबालिग बेटा चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने एंबुलेंस सेवा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घायलों को सीधे हायर सेंटर ले जाने के बजाय पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जिससे इलाज में देरी हुई। उनका मानना है कि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने पर जान बचाई जा सकती थी।





































